सत्यापन अभियान चलाकर 35 मकान मालिकों पर लगाया 3.50 लाख जुर्माना

देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने बसंत विहार और सेलाकुई क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाहरी राज्यों और जनपदों से आकर रहने वाले किराएदारों, फड़-फेरी और ठेली संचालकों के सत्यापन की जांच की गई।
अभियान के दौरान बसंत विहार के श्रीरामपुरम, गोबिंदगढ़, विजय पार्क, कांवली गांव और सेलाकुई क्षेत्र में पुलिस टीमों ने व्यापक सत्यापन किया। किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले 35 मकान मालिकों और प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 12 व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की गई और 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 3,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने बताया कि जनपदभर में सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।