(प्रशिक्षणार्थियों ने ऐपण की चौकियों व रंगवाली पिछोड़ी बनाने का किया अभ्यास)

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / भुवन बिष्ट,
रानीखेत। सांस्कृतिक समिति रानीखेत द्वारा आयोजित दो दिवसीय पारम्परिक ऐपण कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ। दूसरे दिन प्रशिक्षार्थियों ने ऐपण की विभिन्न चौकियों के अलावा रंगवाली पिछोडी़ बनाने का प्रारम्भिक अभ्यास किया। रानीखेत मिशन इंटर कॉलेज में आयोजित पारम्परिक ऐपण कार्यशाला के दूसरे दिन प्रशिक्षिका श्रीमती ज्योति साह ने प्रशिक्षण ले रहे स्कूली बच्चों और महिलाओं को कुमाऊं संस्कृति की समृद्ध एवं आध्यात्मिक लोक कला ऐपण की बारीकियों को समझाते हुए विभिन्न चौकियां बनाना सिखाया। कार्यशाला में प्रशिक्षार्थियों ने प्रयोगात्मक रूप से गेरू मिट्टी और बिस्वार से विभिन्न चौकियों का निर्माण किया। कार्यशाला में सिटी मांटेसरी स्कूल, बीरशिवा स्कूल, मिशन इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज, सरस्वती उमावि, छावनी इंटर कॉलेज,राइका मजखाली, आदि विद्यालयों के छात्र- छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला के समापन पर सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति के गौरव भट्ट, विनीता खाती, हरीश लाल साह, दीपक पंत, परमवीर माहरा, सोनू सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।