ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण व व्यवस्थाएं हुई दुरूस्त

देहरादून। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में जिलाधिकारी सविन बंसल ने समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। यात्रा पंजीकरण हेतु कैंप में 30 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि 30 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो दिन-रात यात्रियों का पंजीकरण करेंगी।
जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने, यात्रियों के लिए निःशुल्क चाय-नाश्ता और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऋषिकेश और हरबर्टपुर में चौबीसों घंटे चिकित्सा टीमें तैनात की गई हैं। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम ऋषिकेश को 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पेयजल निगम की कार्य अनुमति निरस्त करते हुए सड़कों को 19 अप्रैल से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्गों पर पेयजल, मोबाइल शौचालय और अन्य सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।