कालागढ़ में पशु चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो गिरफ्तार

पौड़ी। थाना कालागढ़ क्षेत्र में पशु चोरी की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को बिजनौर निवासी विरेन्द्र सिंह और रमेश चन्द्र अपने दो साथियों के साथ कालागढ़ की हाईडिल कॉलोनी से गाय चोरी कर ले जा रहे थे। गाय के स्वामी को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी और आरोपियों का पीछा किया। हाईडिल कॉलोनी के बाहर उन्होंने दोनों आरोपियों को चोरी की गई गाय समेत पकड़ लिया, जबकि अन्य साथी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान विरेन्द्र सिंह निवासी कल्लुवाला और रमेश चन्द्र निवासी फतेहपुर, थाना रेहड़, बिजनौर के रूप में हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।