एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद, 45 लाख की खेप के साथ चालक गिरफ्तार

एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद, 45 लाख की खेप के साथ चालक गिरफ्तार


श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस से गांजा तस्करी का खुलासा किया है। श्रीनगर पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर 23 अगस्त की तड़के क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूके-14-पीए-0539 इको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से 90 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट (45) निवासी चौरास, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह एक सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से कम कीमत पर गांजा खरीदकर श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने के लिए ला रहा था। पुलिस अब उससे मिली जानकारी के आधार पर गांजा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अभियुक्त का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी, उपनिरीक्षक विजय शैलानी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *