विधानसभा चुनाव-2027: ईवीएम-वीवीपैट के प्रति जागरूक होंगे मतदाता

विधानसभा चुनाव-2027: ईवीएम-वीवीपैट के प्रति जागरूक होंगे मतदाता

उत्तरकाशी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए गंगोत्री भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुरोला, यमुनोत्री और गंगोत्री विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
21 नवंबर से तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कॉलेजों, गांवों और सरकारी कार्यालयों में ईवीएम-वीवीपैट का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए प्रदर्शन केंद्र स्थापित करने के साथ मोबाइल वैन के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने जिला कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र पर आने वाले लोगों को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन कर सरल जानकारी देने तथा तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

25 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान

उत्तरकाशी। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और त्रुटियों को समय से ठीक किया जाए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर 19 से 25 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, आयु, लिंग, फोटो और अन्य विवरणों का सत्यापन करेंगे। दोहरे नामों की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *