12 घंटे में वाहन चोरी का खुलासा, चोरी की टवेरा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। रायवाला क्षेत्र में टैक्सी टवेरा चोरी की घटना का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई टवेरा कार (यूके-08-टीए-2575) भी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं और पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनमें से एक आरोपी पर 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
30 जून 2026 को हरिपुरकलां निवासी नुरुल हक ने कोतवाली रायवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी टैक्सी टवेरा कार अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और वाहन चोरी के पुराने अपराधियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चोरी की कार के साथ हरिपुरकलां क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे से सागर थापा, अमन थापा और गंगा चौधरी को चोरी की टवेरा कार सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सागर और अमन सगे भाई हैं तथा तीनों नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी वाहन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी सहित अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं। सागर थापा के विरुद्ध विभिन्न थानों में 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कविन्द्र राणा, कांस्टेबल अनित, विकास, अनुज राठी और अरविन्द कुमार शामिल रहे।