जनसेवा शिविरों से ग्रामीणों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
देहरादून/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर संचालित ’“सेवा, सुशासन एवं समर्पण”’ तथा ’“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार”’ अभियान के तहत विकासखंड बीरोंखाल में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। कुल 276 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग ने किसानों को सामग्री, बाल विकास ने महालक्ष्मी किट, स्वास्थ्य विभाग ने 98 लोगों का परीक्षण तथा समाज कल्याण विभाग ने पेंशन योजनाओं का लाभ दिया।
विद्यार्थियों को मिला करियर और कौशल विकास का मार्गदर्शन
रुद्रप्रयाग। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज क्यूंजा में छात्र-छात्राओं के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, रोजगार के अवसर और मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सेना, पुलिस, मर्चेंट नेवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के विकल्पों से अवगत कराया। कार्यक्रम में 61 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
35 शिकायतों में 16 का मौके पर हुआ समाधान
रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज चन्द्रनगर में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम आयोजित हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों की 35 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 16 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वरोजगार, होमस्टे, स्वयं सहायता समूह, कृषि एवं उद्यान योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।
शिविर में 227 मरीजों का हुआ परीक्षण
चमोली। सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट (नंदानगर) में आयोजित विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में 227 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, टीबी, कैंसर सहित विभिन्न बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। 49 महिलाओं की सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर जांच, 68 लोगों की मुख कैंसर जांच तथा 10 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को निःशुल्क उपचार एवं परामर्श दिया।
280 ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर विकासखंड कर्णप्रयाग के कनखुल गांव में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 20 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। कुल 280 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया तथा 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, पशुपालन और समाज कल्याण विभाग ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।