शिक्षा मंत्री ने किया निःशुल्क नोटबुक योजना का शुभारंभ, प्रदेश के 35 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड सरकार द्वारा विद्यालयी शिक्षा को और अधिक सुदृढ़, समावेशी एवं छात्र हितैषी बनाने के उद्देश्य से संचालित ’‘गेम चेंजर योजना’ (निःशुल्क नोटबुक वितरण योजना)’ का शुभारंभ बुधवार को पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड देहरादून में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित कर योजना का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने से न केवल शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान किए जाएं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रदेश के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराई जाएंगी। जनपद देहरादून में लगभग 4.70 लाख तथा पूरे प्रदेश में करीब 35 लाख नोटबुक वितरित की जाएंगी। योजना के अंतर्गत कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों को एक-एक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को तीन-तीन तथा कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को पांच-पांच नोटबुक उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. रावत ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाथीबड़कला की छात्राओं को नोटबुक वितरित की।
कार्यक्रम में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक प्रेमलाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता बौडाई सहित शिक्षक, छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।