गरीबों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज थे नेताजी: आशीष यादव

हरिद्वार। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव के नेतृत्व में ज्वालापुर स्थित कार्यालय पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
आशीष यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव गरीबों, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और मजलूमों की आवाज थे। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने निःशुल्क शिक्षा, अस्पतालों में मुफ्त इलाज और किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त पानी जैसी सुविधाओं के लिए फैसले लिए। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था लागू की। समाजवादी बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नू और मौसम अली ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने आजीवन वंचित वर्गों के हितों के लिए संघर्ष किया। कन्या विद्या धन योजना, बेरोजगारी भत्ता और वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्होंने लोगों को लाभ पहुंचाया। इस दौरान दीक्षांत शर्मा, महेंद्र यादव, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि संकल्प दिवस के रूप में मनाई
हल्द्वानी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर उत्तराखंड सपा प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी के आजाद नगर स्थित कार्यालय में संकल्प दिवस मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और विचार गोष्ठी आयोजित की। हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने मुलायम सिंह यादव को किसानों, युवाओं, सैनिकों और वंचित वर्गों का हितैषी बताते हुए उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि नेता जी ने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए कई पहल कीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके अधूरे सपनों को पूरा करने और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।