23 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, तैयारियां पूरी

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
21 अप्रैल को नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ से पूजा-अर्चना के बाद आदि गुरु आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी, श्री गरुड़ जी की उत्सव मूर्ति और देवडोलियां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धाम के लिए रवाना हुईं। रावल अमरनाथ नंबूदरी और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। देवडोलियां पहले पड़ाव योग बदरी पांडुकेश्वर पहुंच चुकी हैं। 22 अप्रैल को यहां से श्री उद्धव जी और श्री कुबेर जी की डोलियां बदरीनाथ धाम पहुंचेंगी, जबकि श्री गरुड़ जी पहले ही धाम के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। इस दौरान ज्योतिर्मठ में स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं। मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, तेल कलश (गाडू घड़ा) भी 22 अप्रैल को धाम पहुंचेगा। प्रशासन, मंदिर समिति और स्थानीय संगठनों के सहयोग से यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।