थलीसैंण तहसील दिवस में ग्रामीणों ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं
पौड़ी। तहसील थलीसैंण में आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था, पंचायत भवनों की मरम्मत और मनरेगा के तहत जॉब कार्ड बनाने की मांग उठाई।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौके पर हल होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और अन्य मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने बताया कि सड़क संबंधी कार्यों के एस्टीमेट भेजे जा चुके हैं। अधिकारियों को उच्च स्तर पर समन्वय कर धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।