मोबाइल टावर से चोरी का 24 घंटे में खुलासा, महिला गिरफ्तार
देहरादून। विकासनगर कोतवाली पुलिस ने हरबर्टपुर क्षेत्र में मोबाइल टावर से हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए दो रेक्टिफायर और 40 मीटर पावर केबल बरामद की है, जिनकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार, दो नवंबर को मोबाइल टावर से रेक्टिफायर और केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर बीडीएम स्कूल के पास हरबर्टपुर से सोनी (25) पत्नी लखिन्दर साहनी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करती है और इसी बहाने टावर की रेकी कर चोरी की थी। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, कांस्टेबल रजनीश और महिला कांस्टेबल कविता रानी शामिल रहे।