तीन दुकानों में लगी आग, पाया काबू, लाखों का सामान जला

तीन दुकानों में लगी आग, पाया काबू, लाखों का सामान जला
 
 
टिहरी। मुनिकीरेती क्षेत्र के लक्ष्मणझूला चौक पर रविवार देर रात तीन दुकानों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। घटना में दो दुकानों का सामान पूरी तरह जल गया, जबकि तीसरी दुकान को आंशिक नुकसान हुआ।
पुलिस के अनुसार 8 नवंबर की रात करीब 1ः11 बजे राघव सिंह निवासी तपोवन ने थाना मुनिकीरेती को दुकानों में आग लगने की सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर सर्विस को सूचित किया। जांच में लक्ष्मणझूला चौक स्थित गढ़वाल जेम्स, गंगा डेली नीड्स और नमस्ते ऋषिकेश नाम की तीन दुकानों में आग लगी मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार आग की शुरुआत गंगा डेली नीड्स से हुई और देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग से गंगा डेली नीड्स का सामान और नमस्ते ऋषिकेश में रखे कपड़े पूरी तरह जल गए। वहीं गढ़वाल जेम्स के दुकान के बोर्ड को नुकसान पहुंचा, जबकि बाकी सामान सुरक्षित रहा। प्रथम दृष्टया आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। टिहरी पुलिस ने व्यापारियों से बिजली की वायरिंग और उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा दुकानों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *