छात्र-छात्राओं ने दी मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि

छात्र-छात्राओं ने दी मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि


श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्वविद्यालय के एसीएल सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह सहित शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कुलपति ने शोक संदेश पढ़ते हुए कहा कि मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) खंडूड़ी का निधन राष्ट्र और उत्तराखंड समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी ने अपने सैन्य जीवन, सार्वजनिक कार्यों और सामाजिक सरोकारों से समाज को निरंतर प्रेरित किया। विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिनिधि मंडल हरिद्वार में आयोजित अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री को दी श्रद्धांजलि

श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बेस अस्पताल परिसर में आयोजित शोकसभा में डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर योगदान को याद किया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज खंडूड़ी जी का ड्रीम प्रोजेक्ट था। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।


बार एसोसिएशन ने जताया शोक

श्रीनगर। बार एसोसिएशन श्रीनगर ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी और बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि खंडूड़ी का जीवन राष्ट्र सेवा, ईमानदारी और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *