लक्सर में रायसी और कस्बा बाजार पुलिस चौकियों को मिले नए भवन, एसएसपी ने किया लोकार्पण

हरिद्वार/लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र की रायसी पुलिस चौकी और कस्बा बाजार पुलिस चौकी को सोमवार को नए भवन की सौगात मिली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद सुयाल के साथ फीता काटकर दोनों भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर अधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
रायसी और कस्बा बाजार पुलिस चौकियों के पुराने भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में थे। बरसात के दौरान जलभराव, छत टपकने और सीमित सुविधाओं के कारण पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए भवन बनने से अब पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं आम नागरिकों को भी अधिक व्यवस्थित और सुगम पुलिस सेवाएं प्राप्त होंगी।
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने से पुलिस की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता में वृद्धि होगी। आधुनिक संसाधनों से लैस चौकियों के माध्यम से जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद सुयाल, क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी, विपिन कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।