पुलिस के हत्थे चढ़ा स्मैक तस्कर, अवैध स्मैक बरामद

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12.25 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी मोनिस को पौंधा रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में वाहन से एक अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में स्मैक बेचने का काम कर रहा था और हॉस्टल व पीजी में रहने वाले युवाओं को छोटी मात्रा में नशा सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस से बचने के लिए वाहन पर अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल करता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि शाकिब नामक एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।