स्कॉलर्स होम इंटरनेशनल स्कूल में अंतर्जनपदीय नृत्य प्रतियोगिता आयोजित

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रतिभाशाली व्यक्तियों को किया सम्मानित

 
 
लक्सर। स्कॉलर्स होम इंटरनेशनल स्कूल लक्सर के तत्वावधान में तृतीय अंतर्जनपदीय नृत्य प्रतियोगिता एवं प्रतिभाशाली व्यक्तियों के सम्मान में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।
 
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाशाली हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
 
इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
 
समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *