श्रीनगर से दिल्ली के लिए एसी मिनी बस सेवा शुरू डॉ. धन सिंह रावत ने किया शुभारंभ

श्रीनगर से दिल्ली के लिए एसी मिनी बस सेवा शुरू डॉ. धन सिंह रावत ने किया शुभारंभ

 
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
 
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को श्रीनगर एवं खिर्सू क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर विकास कार्यों को गति दी। इस अवसर पर उन्होंने श्रीनगर में उत्तराखंड परिवहन निगम की एसी मिनी बस सेवा श्रीनगर-दिल्ली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रवासियों को दिल्ली तक आरामदायक सुविधाजनक और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सेवा विद्यार्थियों व्यापारियों नौकरीपेशा लोगों सहित आम यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी। इसके उपरांत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में क्षेत्र की भोजन माताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. रावत ने विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और मातृत्व भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाली भोजन माताओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने भोजन माताओं को सम्मानित करने के साथ आवश्यक सामग्री की किट भी वितरित की। उन्होंने कहा कि भोजन माताओं का समर्पण परिश्रम और सेवाभाव समाज की सच्ची शक्ति है। उनके सम्मान एवं कल्याण के लिए सरकार सदैव प्रतिबद्ध है। वहीं खिर्सू क्षेत्र में जखोट-कोटिया-मुसोली लिंक मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस सड़क की स्वीकृत लंबाई 1.610 किलोमीटर और स्वीकृत लागत 116.53 लाख रुपये है। डॉ. रावत ने कहा कि सड़क निर्माण और डामरीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अतिरिक्त ग्रामसभा कंडोली एवं मुसोली के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। डॉ. रावत ने कहा कि महिला मंगल दल ग्रामीण संस्कृति सामाजिक एकता और परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क शिक्षा स्वास्थ्य परिवहन और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि चहुमुखी विकास जनसुविधाओं का विस्तार और जनकल्याण ही उनकी प्राथमिकता एवं ध्येय है। कार्यक्रमों में जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल खिर्सू मंडल अध्यक्ष मीना गेरोला और खिर्सू ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *