मनसा देवी मंदिर में दान व्यवस्था हेतु सात सदस्यीय समिति गठित

हरिद्वार। मां मनसा देवी मंदिर में दान और चढ़ावे की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि मंदिर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समिति में शामिल सभी सात पुजारी बिना जेब वाले वस्त्र पहनेंगे। दान और चढ़ावे में किसी भी प्रकार की हेराफेरी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक श्रद्धालु को दान की रसीद दी जाएगी और प्रतिदिन चढ़ावे का पूरा लेखा-जोखा रखा जाएगा। दान राशि का उपयोग जनहित और मंदिर विकास कार्यों में किया जाएगा। साथ ही मंदिर में चढ़ाए गए नारियल, प्रसाद और फूलों का दोबारा उपयोग नहीं किया जाएगा। अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद पर श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोप सिद्ध होने से पहले किसी को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।