पथरेश्वर महादेव मंदिर के पास मिट्टी में दबे मिले दो साधुओं के शव, हत्या की आशंका से सनसनी

पथरेश्वर महादेव मंदिर के पास मिट्टी में दबे मिले दो साधुओं के शव, हत्या की आशंका से सनसनी


हरिद्वार/लक्सर। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित ’’पथरेश्वर महादेव मंदिर’’ के समीप जंगल में मिट्टी के नीचे दबे दो साधुओं के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में दोनों शव जंगल में मिट्टी के नीचे दबे मिले हैं। इस परिस्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका को भी गंभीरता से जांच का हिस्सा मानकर सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ’’एसपी देहात शेखर सुयाल’’ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी सहित कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में रखी गई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही दोनों साधुओं की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *