अत्याधुनिक रडार से तमक नाले में हवलदार पंकज की तलाश जारी

चमोली। ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए हवलदार पंकज की तलाश में युद्धस्तर पर सर्च अभियान जारी है। जिला प्रशासन के निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें अभियान में जुटी हैं। नाले, मलबे, जलधाराओं और नदी के किनारों पर संभावित स्थानों को बारीकी से खंगाला जा रहा है। तीन एक्सकेवेटर और 50 से अधिक जवान लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। दो सर्च एंड रेस्क्यू डॉग, ड्रोन तथा अत्याधुनिक ’’ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर)’’ की मदद भी ली जा रही है। भारी बोल्डर और मलबा हटाकर संभावित स्थानों की जांच की जा रही है। नाले से आगे नदी के दोनों किनारों पर भी सर्चिंग का दायरा बढ़ाया गया है। जिला प्रशासन अभियान की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है। हवलदार पंकज की जल्द तलाश प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।