ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने दिए सख्त निर्देश

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय समिति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उच्च न्यायालय के आदेशों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी अनुपालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था केवल नगर निकायों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण, वन और पर्यटन क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से लागू की जाए।
उन्होंने सभी परगनों में नियमित निरीक्षण कर कूड़ा संग्रहण, पृथक्करण, निस्तारण, सिंगल यूज प्लास्टिक और स्वच्छता व्यवस्था की जांच करने तथा कमियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। होटल, ढाबों, यात्रा मार्गों और पर्यटन स्थलों पर निगरानी बढ़ाने के साथ सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने को कहा गया। डीएम ने एमआरएफ सेंटर, डस्टबिन और अन्य संसाधनों की जरूरत का आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के एमआरएफ सेंटर के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को भी कहा गया। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त डस्टबिन लगाने के लिए सर्वे कराने और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते तीर्थाटन और पर्यटन को देखते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सर्वाेच्च प्राथमिकता है।