कारगिल के अमर शहीदों को किया नमन, वीर परिजनों का हुआ सम्मान

कारगिल के अमर शहीदों को किया नमन, वीर परिजनों का हुआ सम्मान


रुद्रप्रयाग। कारगिल विजय दिवस पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय तथा 8 सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंट के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल शौर्य दिवस सैन्य सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके वीर परिजनों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने युवाओं से राष्ट्रहित, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मेजर ओमवीर सिंह, पूर्व सैनिक, वीर नारियां तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।


अमर वीरों को दी श्रद्धांजलि

श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल शहीद दिवस के अवसर पर भागीरथी कला संगम ने ब्लॉक खिर्सू के धरिगांव में स्वच्छता अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने अपने दिवंगत भांजे एवं शिक्षक स्वर्गीय दीपक रतूड़ी की स्मृति में आम का पौधा लगाया। सुबह से दोपहर तक चले अभियान में सदस्यों ने गांव में सफाई कर विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


डॉ. धन सिंह ने कारगिल के वीरों को किया नमन

श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल विजय दिवस पर कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। उन्होंने बताया कि 10 से 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिससे राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त किया जाएगा। डॉ. रावत ने बूथ संख्या 97 पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इसके बाद श्रीनगर के नागराजा राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में लगभग 80 पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का शौर्य और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।


वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

चमोली। कारगिल विजय दिवस पर जिला पंचायत परिसर गोपेश्वर में आयोजित शौर्य दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर कारगिल शहीदों के परिजनों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों का बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा तथा युवाओं को उनके शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर देश निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, सेना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, वीर नारियां और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

कारगिल दिवस पर किया पौधारोपण

श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के रक्षा सामरिक एवं भू-राजनीतिक अध्ययन विभाग ने टिहरी गढ़वाल के डांगचौरा ग्राम में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पौधरोपण किया और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।


राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का किया आह्वान

टिहरी गढ़वाल। 27वें कारगिल विजय दिवस पर बौराड़ी स्थित शहीद स्मारक में आयोजित शौर्य दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल देशभक्ति से सराबोर कर दिया। रक्तदान शिविर के रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया तथा अंत में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।


अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

 पौड़ी। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर पौड़ी गढ़वाल में शौर्य दिवस श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। शहीद स्मारक एजेंसी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों और कारगिल युद्ध में सहभागी वीर सैनिकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने युवाओं से शहीदों के त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कारगिल विजय दिवस पर पछुवादून गढ़वाल सभा ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि


विकासनगर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पछुवादून गढ़वाल सभा ने काली माता मंदिर स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा के अध्यक्ष रोशन नेगी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस, शौर्य और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

वीर सपूतों को किया गया नमन

उत्तरकाशी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ज्ञानसू स्थित शौर्य स्थल पर आयोजित समारोह में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अधिकारियों ने शहीद दिनेश चंद्र कुमांई के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर उनके सर्वाेच्च बलिदान को नमन किया। कुमाऊ रेजिमेंट, आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस और एनसीसी की टुकड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शहीद की वीरांगना अनीता देवी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।


श्री देव सुमन की जयंती पर हुआ पौधारोपण

उत्तरकाशी। अमर शहीद श्री देव सुमन की जयंती पर बाड़ाहाट रेंज, कोटबंगला में श्रद्धांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री देव सुमन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। इसके बाद रेंज कार्यालय परिसर में 10 तथा उजेली स्थित सुमन वन में 50 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *