नशा मुक्त समाज के लिए विभागीय समन्वय से चलाएं व्यापक जनजागरूकता अभियान

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एडीएम प्रशासन स्मृता परमार की अध्यक्षता में एनकॉर्ड समिति की बैठक हुई। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ प्रवर्तन और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को विद्यालयों व महाविद्यालयों में नियमित कार्यशालाएं और संवाद सत्र आयोजित करने को कहा गया। पुलिस को नशा प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों की जीआईएस मैपिंग कर नियमित निगरानी तथा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को पोस्त की खेती रोकने के लिए नियमित छापेमारी करने को कहा गया। एडीएम ने नशे की गिरफ्त में आए लोगों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा कर इसे प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए गए।