कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, कार्यों में देरी पर दी कार्रवाई की चेतावनी

हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने भारत सरकार से स्वीकृत योजनाओं के कार्यों को तत्काल शुरू करने और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला जैसे विशाल आयोजन में सभी विभागों को समन्वय और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। जिन योजनाओं की निविदाएं पहली बार में स्वीकृत नहीं हो सकीं, उनकी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक देरी करने वाले विभागों की योजनाओं की स्वीकृति निरस्त कर धनराशि अन्य प्राथमिक कार्यों में स्थानांतरित की जा सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को बरसात शुरू होने से पहले अधिकतम प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केएफडब्ल्यू वित्त पोषित सीवरेज योजना से जुड़े कार्य 30 जून तक पूर्ण करने और प्रभावित सड़कों की मरम्मत तत्काल कराने को कहा गया। साथ ही लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को भूपतवाला क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के सुधारीकरण का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत, पेयजल, अस्थायी बस अड्डों और खाद्य आपूर्ति व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। खाद्य आपूर्ति विभाग को कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने और अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आयुष अग्रवाल, नंदन कुमार, अरुणा भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।