पर्यटन को नई पहचान देगी हिमालयन कार रैली और नाइट सफारी
पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल को पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए हिमालयन कार रैली-2026 और नाइट सफारी शुरू करने की तैयारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की। चार और पांच दिसंबर को कार रैली जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी। इसके लिए सड़क, यातायात, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं खोलाचौरी से अदवाणी तक 15 दिवसीय पायलट परियोजना के रूप में नाइट सफारी शुरू करने की योजना है। सफल होने पर इसे व्यावसायिक रूप दिया जाएगा। इन पहलों से पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।