नशा उन्मूलन को लेकर सख्त निर्देश, स्कूलों में बनेंगी एंटी ड्रग कमेटियां
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को गोपेश्वर में एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें नशा उन्मूलन और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर विभागीय कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अब तक 200 माध्यमिक और 17 शासकीय विद्यालयों में कमेटियां गठित हो चुकी हैं।
उन्होंने सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और अवैध दवाओं की बिक्री पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को 21 वर्ष से कम आयु के युवाओं को शराब की बिक्री रोकने तथा बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मुकदमे दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।