आईसीयू में भर्ती कुलसचिव का जाना हालचाल, हमले की निंदा
हरिद्वार। उत्तराखंड गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा के गढ़वाल संयोजक डॉ. प्रदीप चौधरी ने जॉली ग्रांट अस्पताल पहुंचकर आईसीयू में भर्ती गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कुलसचिव पर विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारियों द्वारा किए गए हमले को डॉ. चौधरी ने दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में अनुशासन, मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी विवाद का समाधान हिंसा या अराजकता से नहीं, बल्कि संवाद और बातचीत से संभव है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी तथ्यों को सामने लाने और विश्वविद्यालय में सौहार्दपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बहाल करने की अपेक्षा जताई।