महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, दो दिन में गिरफ्तारी की मांग

महिला अपराधों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, दो दिन में गिरफ्तारी की मांग

देहरादून। प्रदेश में बढ़ते अपराधों और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पूर्व कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लगातार सामने आ रही हत्या, दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न की घटनाएं सरकार के महिला सुरक्षा संबंधी दावों पर सवाल खड़े करती हैं।
ज्योति रौतेला ने कहा कि देहरादून में पिछले एक माह के दौरान हत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की कई घटनाएं सामने आई हैं। प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में महिला का शव मिलने की घटना को उन्होंने गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की। जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि महिलाएं घर और बाहर दोनों जगह असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने महिला अपराधों की रोकथाम, पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने की आवश्यकता जताई। आर्येंद्र शर्मा ने दावा किया कि पिछले चार-पांच वर्षों में प्रदेश में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की 1,822 घटनाएं हुईं और 10,500 महिलाएं लापता हुईं, जिनमें 767 अब भी लापता हैं। उन्होंने महिला अपराधों से जुड़े अन्य आंकड़े भी प्रस्तुत किए। राजेंद्र सिंह भंडारी ने राजपुर, रायपुर और डालनवाला क्षेत्रों में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए उनकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भी सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने प्रेमनगर में महिला की हत्या के मामले में दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही राजधानी की सभी हत्याओं और संदिग्ध मौतों की जांच, अज्ञात युवती की पहचान तथा अर्श अंसारी की मौत के मामले में वास्तविक तथ्य सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *