कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण से नगर पंचायत को हुई नौ लाख की आय
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की पहल से नगर पंचायत ने नौ लाख रुपये की आय अर्जित की है। नगर पंचायत ने इस वर्ष यात्रा काल में 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया। कचरे से उपयोगी सामग्री तैयार कर उसके विपणन से यह आय प्राप्त हुई।
नगर क्षेत्र में सुबह-शाम नियमित सफाई के साथ घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है। एकत्रित जैविक और अजैविक कचरे को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में प्रसंस्कृत किया जाता है। वहीं प्लास्टिक कचरे से ब्लॉक तैयार कर उनका विपणन किया जा रहा है। यात्रा समाप्त होने के बाद भी धाम में गहन सफाई अभियान जारी है। इस पहल से जहां पर्यावरण संरक्षण और कचरे के उचित निस्तारण को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं नगर पंचायत के लिए आय के संसाधन भी जुट रहे हैं।