जिला योजना की धनराशि नवंबर तक शत-प्रतिशत खर्च करें अधिकारी: डीएम
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जिला योजना और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला योजना के तहत स्वीकृत धनराशि का नवंबर माह तक शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने को कहा। जिन विभागों में टेंडर प्रक्रिया लंबित है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने 20 सूत्रीय कार्यक्रम में डी और सी श्रेणी में चल रहे विभागों को कार्ययोजना बनाकर ए श्रेणी में आने के प्रयास करने को कहा। मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध पूरा करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही या देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।