कांवड़ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, शीघ्र सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं ’’25 जुलाई’’ तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
जिला पंचायत ने कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान और स्थायी-अस्थायी शौचालयों की मरम्मत पूरी कर ली है, जबकि सिंचाई विभाग ने पार्किंग स्थलों का समतलीकरण, घाटों पर रेलिंग, सुरक्षा चेन और सफाई का कार्य पूरा कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क मरम्मत और वन विभाग द्वारा सीसीटीवी के लिए पेड़ों की छंटाई का कार्य भी तेजी से चल रहा है। उधर, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में पंतद्वीप क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर 15 से अधिक रेहड़ी, ठेली और खोखे हटाए गए। जिला प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।