देवप्रयाग में खाई में गिरा इनोवा वाहन, रेस्क्यू अभियान जारी

देवप्रयाग में खाई में गिरा इनोवा वाहन, रेस्क्यू अभियान जारी


देवप्रयाग। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के पास एक इनोवा वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक रेस्क्यू अभियान में दो पुरुषों और एक महिला का शव बरामद किया गया है, जबकि लगभग 15 वर्षीय एक बालक को सुरक्षित निकालकर बेस अस्पताल श्रीकोट भेजा गया है। एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी अभियान में जुटी हैं। दुर्गम परिस्थितियों के बीच अन्य यात्रियों की तलाश जारी है। पुलिस ने अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।


हादसे में घायल 12 वर्षीय आयुष्मान की हालत गंभीर

देवप्रयाग। गंगा होटल दर्शन के समीप हुए सड़क हादसे में घायल 12 वर्षीय आयुष्मान का श्रीनगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल बालक को दुर्घटना के बाद अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए इमरजेंसी वार्ड के आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। जांच में उसके दाहिने पैर की जांघ की हड्डी (राइट फीमर) में फ्रैक्चर पाया गया, जिसके बाद ऑर्थाे टीम ने तत्काल ट्रैक्शन लगाया। अस्पताल के सर्जरी, ऑर्थाे और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार बालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *