34 वरिष्ठ नागरिकों का दल गंगोत्री रवाना

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर पर्यटन विभाग की दीनदयाल मातृ-पितृ योजना के तहत मंगलवार को चमोली से 34 वरिष्ठ नागरिकों का पहला दल गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ। गोपेश्वर बस स्टैंड से भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को योजना के तहत तीर्थयात्रा की सुविधा दी जा रही है। यात्रियों को परिवहन निगम की ओर से निःशुल्क यात्रा तथा जीएमवीएन की ओर से आवास, भोजन और गाइड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। चार दिवसीय यात्रा के बाद दल शुक्रवार को गोपेश्वर लौटेगा। योजना के तहत भविष्य में अन्य दलों को भी तीर्थयात्रा पर भेजा जाएगा।