घुड़दौड़ी कॉलेज के पास जंगल में लगी आग पर पाया काबू

पौड़ी। घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के नीचे जंगल में लगी आग पर फायर यूनिट और वन विभाग की संयुक्त टीम ने काबू पा लिया। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन पौड़ी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैलते हुए कॉलेज परिसर और बॉयज हॉस्टल के समीप तक पहुंच गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हॉस्टल में रह रहे छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद फायर यूनिट ने होजरील और अन्य अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कॉलेज परिसर के ओवरहेड टैंक से लगातार पानी भरकर पंपिंग की गई। वन विभाग और फायर टीम के समन्वित प्रयासों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। अभियान में फायरमैन अरशद, महिला फायरमैन रिना और पीआरडी राम विजय शामिल रहे।