पुलिस की तत्परता से लापता दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद

उत्तरकाशी। चौकी डुंडा क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रकाश राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खोजबीन अभियान चलाया। गहन पतारसी और पूछताछ के बाद दोनों बालिकाओं को ब्रह्मखाल क्षेत्र के सिलक्यारा गांव स्थित छानियों से सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे घर छोड़कर कहीं दूर जाने की योजना बना रही थीं। पुलिस ने काउंसलिंग के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस की संवेदनशील और तत्पर कार्यवाही की सराहना की।