डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना
हरिद्वार। लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। हरिद्वार के हरकी पैड़ी, गोविंद घाट, परशुराम घाट सहित विभिन्न घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं और पुरुष पूजा सामग्री, फल-फूल तथा प्रसाद से सजे बांस के सूप लेकर घाटों पर पहुंचे। जल में खड़े होकर व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता एवं खुशहाली की कामना की।
घाटों पर छठ गीतों और भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा। व्रतियों के साथ परिवार के सदस्य भी पूजा-अर्चना में शामिल हुए। विशेषकर पूर्वांचल मूल के परिवारों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की। ज्योतिषाचार्य रितेश कुमार तिवारी ने बताया कि सूर्य प्रत्यक्ष देवता और समस्त जगत की ऊर्जा का स्रोत हैं। वहीं छठी मैया संतान की रक्षा, सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की देवी मानी जाती हैं। उन्होंने बताया कि छठ पर्व संतान की दीर्घायु, परिवार की खुशहाली और जीवन में सुख-शांति की कामना से जुड़ा है। मान्यता के अनुसार विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने और छठ व्रत करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने बताया कि महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह 6ः44 बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।