पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित
 
 
 
 
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (रिटा.) भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को निधन हो गया है। वे काफी समय से अस्वस्थ होने के कारण देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन के चलते प्रदेश में एक दिन का सार्वजनिक अवकाश और तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य राजनेताओं ने निधन पर शोक व्यक्त किया है।
बता दें कि देहरादून स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में उनका पिछले तकरीबन एक माह से इलाज चल रहा था बताया जा रहा है कि खंडूरी हृदय संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे थे। 91 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। वे भारतीय सेना से मेजर जनरल के पद से रिटायर्ड हुए थे और उत्तराखंड के चौथे मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की सेवा की।
वे उत्तराखंड के दो बार मुख्यमंत्री बने। इससे पहले वे केंद्रीय मंत्री भी रहे चुके थे। भारतीय सेना से रिटायरमेंट के बाद उनका 30 साल का राजनीतिक करियर रहा है। उनके निधन पर प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया शोक व्यक्त
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) बीसी खंडूरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा देने के बाद उन्होंने जन सेवा के लिए ईमानदारी, सादगी, पारदर्शिता और विकास की राजनीति का उदाहरण प्रस्तुत किया. देश के तथा उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। मैं उनके शोकसंतप्त परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करती हूं।
द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति
 

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी(सेवानिवृत्त) जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। सशस्त्र बलों से लेकर राजनीतिक जगत में उन्होंने बहुमूल्य योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उत्तराखंड के विकास के लिए वे हमेशा समर्पित रहे, जो मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में भी साफ तौर पर दिखा. केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनका कार्यकाल हर किसी को प्रेरित करने वाला है। देशभर में कनेक्टिविटी की बेहतरी के लिए उन्होंने निरंतर अथक प्रयास किए। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति.
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
 
भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा एवं सुशासन के उच्च आदर्शों के प्रति समर्पित किया। उत्तराखंड की विकास यात्रा में उनका योगदान और केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्री के रूप में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकसंतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें
नितिन नबीन, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष
 

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त) जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। श्री खंडूरी जी ने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया. सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनका व्यक्तित्व राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। राजनीतिक जीवन में उन्होंने उत्तराखंड के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई। एक जननेता के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए और अपनी सादगी, स्पष्टवादिता एवं कार्यकुशलता से लोगों के हृदय में विशेष स्थान बनाया। उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
 

आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का लगा तांता
पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी के निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर मैक्स अस्पताल से सीधे उनके बसंत विहार स्थित आवास लाया गया। जैसे ही पार्थिव शरीर आवास पहुंचा, परिवारजनों, समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की आंखें नम हो उठीं। बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। बसंत विहार स्थित आवास पर पूरे दिन लोगों का तांता लगा रहा। आम नागरिकों से लेकर प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। हर व्यक्ति के चेहरे पर उनके प्रति सम्मान और बिछड़ने का दर्द साफ नजर आया।

तीन दिन का राजकीय शोक, आज बंद रहेंगे स्कूल
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के निधन के कारण प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इससे जुड़ा आदेश भी जारी कर दिया गया है। जारी आदेश में लिखा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन हो गया है, जिसके कारण उत्तराखंड में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया जाता है। इस दौरान तीन दिनों तक समस्त जनपदों में सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे, साथ ही राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।  तीन दिन के राजकीय शोक के दौरान कोई भी शासकीय मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *