मानसून में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनसुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता: डीएम

मानसून में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनसुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता: डीएम


देहरादून। जनपद में लगातार हो रही बारिश और संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जनसुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने तथा प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सड़कों, पेयजल, विद्युत, जलभराव और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत करने और असुरक्षित स्थानों को ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही 1 जुलाई से 30 सितंबर तक नदियों में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहने की बात दोहराते हुए अवैध खनन या खनिज परिवहन मिलने पर वाहन सीज करने के निर्देश दिए। डीएम ने नदी किनारे स्थित पर्यटन स्थलों पर वार्निंग सायरन और सीसीटीवी कैमरे लगाने, नगर निकायों को नियमित फॉगिंग कराने और खराब स्ट्रीट लाइटें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। दुर्गम क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पहले सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था करने को भी कहा गया। उन्होंने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों की सूची तैयार कर समय रहते सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण की तैयारी रखने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा चिन्हित 29 संवेदनशील क्षेत्रों के 3,700 परिवारों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *