राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में भगवामय हुई राजधानी, पोस्टरों और झंड़ों से सजी सड़कें

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी देहरादून पूरी तरह भगवामय नजर आ रही है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े होर्डिंग, स्वागत द्वार और नेताओं के कटआउट लगाए गए हैं।
एयरपोर्ट, डोईवाला, लच्छीवाला फ्लाईओवर, कुआंवाला, लक्ष्मण सिद्ध मार्ग, मॉल ऑफ दून, जोगीवाला, रिस्पना पुल और बलबीर रोड समेत कई स्थानों पर भाजपा नेताओं के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। इन होर्डिंग्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा और माला राज्यलक्ष्मी शाह समेत कई नेताओं की तस्वीरें प्रमुखता से लगी हैं।
हालांकि, इस पूरे शक्ति प्रदर्शन के बीच एक राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। राजधानी के मुख्य मार्गों पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद तथा पौड़ी गढ़वाल सांसद की तस्वीरें लगभग नदारद दिखाई दीं। एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालय तक के मुख्य रूट पर दोनों नेताओं के पोस्टर और कटआउट नहीं दिखने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हालांकि भाजपा संगठन ने इसे किसी भी प्रकार की अंदरूनी राजनीति से जोड़ने से इनकार किया है।