नकली सोना देकर आठ लाख की ठगी, दो हजार का इनामी अभियुक्त राजस्थान से गिरफ्तार

नकली सोना देकर आठ लाख की ठगी, दो हजार का इनामी अभियुक्त राजस्थान से गिरफ्तार


कोटद्वार। नकली सोने के आभूषण देकर आठ लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नीरज को कोटद्वार पुलिस ने राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की घटना से संबंधित एक तोला सोना बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को जौनपुर कोटद्वार निवासी विभाष अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। रघुवीर नामक व्यक्ति ने पहले अंगूठी गिरवी रखकर 25 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में छह जुलाई को वह अपने साथी के साथ दुकान पहुंचा और पुत्री के विवाह के लिए धनराशि की जरूरत बताकर सोने के पेंडल दिए। विश्वास में लेकर वादी से आभूषण और आठ लाख रुपये नगद ले लिए गए। जांच में आभूषण नकली पाए गए।
मामले में पुलिस ने 21 जुलाई को रघुवीर नायक, विक्रम भोपा और बलवीर नायक को गिरफ्तार कर छह लाख रुपये नगद व पीली धातु की चार चेन बरामद की थीं। फरार नीरज पर एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सूचना के आधार पर उसे अलवर से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *