लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रभारी चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

लापरवाही पर डीएम सख्त, प्रभारी चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

पौड़ी। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर उपचार और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शुक्रवार को होम्योपैथिक चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
होम्योपैथिक चिकित्सालय में प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना अनुमति अवकाश पर मिले। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए उनसे स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला होम्योपैथिक अधिकारी को चिकित्सालय की नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही दवाओं का विवरण स्टॉक रजिस्टर में दर्ज करने और उनकी एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच के निर्देश दिए। सीएचसी पैठाणी में डीएम ने ओपीडी, जनरल एवं महिला वार्ड, पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा। बेडशीट नियमित बदलने, चिकित्सकों के संपर्क नंबर चस्पा करने और अस्पताल भवन व आवासों की मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने प्रसव की कम संख्या पर चिंता जताते हुए गर्भवती महिलाओं से प्रसव की संभावित तिथि से दो माह पहले नियमित संपर्क और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 108 एंबुलेंस में दवाओं और उपकरणों की कमी मिलने पर संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीएमओ को जिले की सभी एंबुलेंसों की तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने चिकित्सकों के अवकाश का रोस्टर बनाने और प्रत्येक माह स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट और नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *