6.36 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार
ऋषिकेश। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत 6.36 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान कोतवाली ऋषिकेश की टीम ने डीजीबीआर चौक के पास वन विभाग कार्यालय के गेट से अजीत राजभर (27), निवासी श्रीकृष्णा नगर, वीरभद्र, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ, कांस्टेबल गौरव यादव और सोहन सिंह शामिल रहे।

अवैध देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। एसएसपी के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 पेटी (450 टेट्रा पैक) माल्टा मसालेदार देसी शराब बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार 16 नवंबर को चेकिंग के दौरान झाझरा चौकी गेट के पास स्कूटी संख्या यूके-07-एचएम-2998 पर शराब ले जा रहे अर्जुन (32), निवासी ग्राम जोवाला, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी भुडपुर, पटेलनगर, देहरादून को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।