पौड़ी में 95 लाख से बने इको एडवेंचर पार्क का किया शुभारंभ

पौड़ी। पौड़ी में लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। पार्क में जिपलाइन सहित दस साहसिक गतिविधियां विकसित की गई हैं। इनमें नेट ब्रिज, मोगली ब्रिज, स्पेस वॉक, कमांडो नेट और टायर क्लाइम्बिंग प्रमुख हैं। इसके अलावा मड कैफे, बच्चों के झूले और ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पार्क से पौड़ी को नया पर्यटन स्थल मिला है। स्थानीय बच्चों को साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर भविष्य में प्रशिक्षक बनने का अवसर भी मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला योजना से विकसित पार्क में गतिविधियां प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में संचालित होंगी और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कार्यक्रम में महिलाओं ने झुमैलो और चौफला लोकनृत्य प्रस्तुत किए। उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत मैठाणी ने पौड़ी के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार की बात कही। वन पंचायत सरपंच बकुल रावत ने जिपलाइन गतिविधि में भाग लेकर इसकी शुरुआत की। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।