लखवाड़ बांध परियोजना प्रभावितों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने की बैठक

लखवाड़ बांध परियोजना प्रभावितों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने की बैठक

टिहरी। लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मांगों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों एवं संघर्ष संयुक्त समिति जौनपुर-जौनसार के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रभावित युवाओं के लिए यूजेवीएनएल में रोजगार, मुआवजा भुगतान, विस्थापन और अधिग्रहित भूमि के प्रतिकर सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए।
समिति ने युवाओं के स्थायी रोजगार के लिए 40 पद फ्रीज करने और 400 पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग रखी। साथ ही प्रभावित गांवों रणोगी, कुन्ना और लोहारी के विस्थापन, परिसंपत्तियों के मूल्यांकन और अनुग्रह राशि के भुगतान का मुद्दा उठाया। परिवार गणना की विसंगतियां दूर करने तथा नई अधिग्रहित भूमि का मुआवजा जमरानी बांध की पुनर्वास नीति के अनुरूप तय करने की मांग भी की गई। जिलाधिकारी ने पूर्ण अभिलेख वाले मुआवजा प्रकरणों की फाइलें शीघ्र अग्रसारित करने के निर्देश दिए। रोजगार प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए समिति से प्रभावित परिवारों का समेकित डेटाबेस तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पात्र युवाओं का विवरण संबंधित कंपनी को भेजा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *