12 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, दो दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी
टिहरी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने चंबा बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान मिठाई, पनीर, बेसन, घी और मसालों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 12 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अनियमितता मिलने पर दो दुकानदारों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, पैकेजिंग, एक्सपायरी तिथि और रसोईघर की स्वच्छता जांची। मिठाई और बेकरी विक्रेताओं को निर्माण एवं समाप्ति तिथि अंकित करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति विभाग ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की जांच कर घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर चेतावनी दी। अधिकारियों ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।