पौड़ी में स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश
पौड़ी। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी पौड़ी और पराज इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंस के संयुक्त तत्वावधान में शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। थानाध्यक्ष जयपाल नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और रेडक्रॉस सदस्यों ने नारों के माध्यम से लोगों को घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। थानाध्यक्ष नेगी ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से अभियान में भागीदारी की अपील की। रेडक्रॉस के जिला सचिव केशर सिंह असवाल ने कहा कि स्वच्छता अपनाकर बीमारियों से बचाव के साथ स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। रैली में रेडक्रॉस के पदाधिकारी, सदस्य और संस्थान के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।