चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: सभी छह मृतकों के शव दुर्गम पहाड़ी से निकाले
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। ज्योतिर्मठ क्षेत्र के हाथी पर्वत के समीप 30 अक्टूबर को दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों के शव शनिवार को संयुक्त रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित नीचे पहुंचा दिए। हादसे के बाद चमोली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, भारतीय सेना, आईटीबीपी और जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी थीं।
ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से सहस्त्रधारा देहरादून लौटते समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इसमें कर्नाटक के पांच श्रद्धालु और दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु सवार थे। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, घना जंगल, खराब मौसम, बर्फबारी और अंधेरे के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। शुक्रवार रात मौसम और अंधेरे के चलते अभियान रोकना पड़ा, जिसे शनिवार सुबह करीब पांच बजे दोबारा शुरू किया गया। संयुक्त टीम ने कठिन पैदल मार्ग से सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजने की व्यवस्था की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।