ऑलवेदर रोड के चौड़ीकरण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा
उत्तरकाशी। चारधाम ऑलवेदर रोड के तहत उत्तरकाशी से गंगोत्री तक चौड़ीकरण कार्य के पैकेज-5 में बड़ेथी से तेखला तक बीआरओ के कार्यों की जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने वीसी के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने चौड़ीकरण से प्रभावित पेयजल लाइन, बिजली के खंभे और संचार केबल की यूटिलिटी शिफ्टिंग समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए। बीआरओ को विद्युत, जल संस्थान, वन विभाग और नगरपालिका के साथ समन्वय कर संयुक्त निरीक्षण करने को कहा। डीएम ने निर्माण क्षेत्र में यातायात प्रबंधन और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा यूटिलिटी शिफ्टिंग के दौरान स्थानीय लोगों को पेयजल व बिजली आपूर्ति में परेशानी न हो, इसके लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में बीआरओ कमांडर राज किशोर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।